दिव्यांगजनों के लिए बनेगा रैंप, कलेक्टर ने किया कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण
स्वच्छता, सुरक्षा और हरियाली पर दिया विशेष जोर
गुना 16 जून 2025
जिले में प्रशासनिक सुविधाओं को समावेशी और बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगजनों की सुविधा हेतु रैंप निर्माण के लिए संभावित स्थलों का अवलोकन किया। कलेक्टर ने कहा रैंप बनने से दिव्यांगजन बिना किसी कठिनाई के प्रथम तल तक पहुंच सकेंगे और प्रशासनिक कार्यों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सकेगी।
स्वच्छता और सुरक्षा को प्राथमिकता
कलेक्टर कन्याल ने कलेक्टर परिसर और उसके आसपास की साफ-सफाई का विशेष रूप से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा, “स्वच्छ परिसर न केवल एक सकारात्मक कार्य संस्कृति का प्रतीक है, बल्कि यह नागरिकों के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता को भी दर्शाता है।” इसके साथ ही उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में फायर सेफ्टी सिस्टम की स्थिति की भी समीक्षा की और आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा मानकों के पूर्ण अनुपालन पर बल देते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
हरियाली को मिलेगा बढ़ावा
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल करते हुए कलेक्टर ने पंचायत विभाग को कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण कराने के निर्देश भी दिए। उनका कहा हरा-भरा परिसर कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
दीदी कैफे का निरीक्षण और प्रोत्साहन
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आजीविका मिशन के तहत संचालित ‘दीदी कैफे’ का भी दौरा किया और वहां कार्यरत दीदी गंगा अहिरवार से संवाद किया। उन्होंने रसोई क्षेत्र को पूरी तरह से बंद रखने और स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए । एवं बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्रीमती जीया फातिमा, पीआईयू से महेश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। यह निरीक्षण न केवल प्रशासन की तत्परता और सजगता को दर्शाता है, बल्कि समावेशी विकास और नागरिक सुविधा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का भी परिचायक है
जिला गुना से व्यूरो चिफ गोलू सेन की रिपोर्ट