बदायूं में मामी को लेकर फरार हुआ भांजा, गहने और पैसे भी हुए गायब, पुलिस ने दर्ज किया केस
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक चौंकाने वाला मामला देखने को मिला है। यहां एक भांजा अपनी ही मामी को लेकर फरार हो गया है। महिला के पति ने आरोप लगाया है कि महिला घर से ये बोलकर निकली थी कि वह दवा लेने जा रही है।
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उघैती थाना क्षेत्र में अजीब मामला देखने को मिला है। दरअसल यहां कथित तौर पर एक युवक अपनी मामी को लेकर फरार हो गया है। पुलिस ने शनिवार को इस घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि महिला के पति की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता गुलबहार ने आरोप लगाया है कि उसका भांजा अफजाल, उसकी पत्नी और अपनी मामी खुशनुमा को ही लेकर फरार हो गया है। महिला कथित तौर पर अपने साथ 30,000 रुपये नकद और गहने भी ले गई है।
मामी को लेकर फरार हुआ भांजा
पुलिस के मुताबिक गुलबहार अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए दिल्ली में मजदूरी करता है, उसे गांव लौटने पर स्थिति का पता चला। खुशनुमा 10 जून की सुबह यह कहकर घर से निकली थी कि वह दवा लेने बिसौली जा रही है। हालांकि, वह वापस नहीं लौटी। पुलिस के अनुसार जब गुलबहार ने उसे फोन करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन बंद था। शक होने पर वह सीधे दिल्ली से अपने गांव पहुंचा, जहां उसने पाया कि उसकी पत्नी खुशनुमा उसके भांजे अफजल के साथ फरार हो गई है। उघैती थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) कमलेश शर्मा ने पुष्टि की कि महिला के पति की ओर से शिकायत मिली है और पुलिस अफजल एवं खुशनुमा की सक्रियता से तलाश कर रही है।
Indian TV news
ITI national
BADAUN REPORTER
DEEPENDRA RAJPUT