रूट दिवर्शन in वाराणसी लोलार्क षष्ठी पर 36 घंटे तक छह सड़कें रहेंगी नो व्हीकल जोन, पढ़ें- पूरा प्लान
Indian tv news /ब्यूरो चीफ. करन भास्कर चन्दौली उत्तर प्रदेश
वाराणसी में लोलार्क कुंड स्नान पर्व पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होगा। इसे देखते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए छह सड़कों को नो व्हीकल जोन घोषित किया जाएगा। लोलार्क कुंड स्नान पर्व को देखते हुए लोलार्क कुंड की ओर आने-जाने वाले मार्गों पर विशेष यातायात योजना लागू की जाएगी। इसके तहत छह सड़कों को नो व्हीकल जोन घोषित किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाएगी व इसकी जानकारी पर्चों, सोशल मीडिया के माध्यम से दी जाएगी। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए चौराहों, संवेदनशील स्थानों व पार्किंग स्थलों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। सुरक्षा के तहत अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था व मुख्यालय) शिवहरी मीना ने सोमवार को निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी, ट्रैफिक पुलिस, महिला पुलिस कर्मी व सादे कपड़ों में खुफ़िया पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
पूरे क्षेत्र की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन कैमरे एवं कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। लोलार्क कुंड व आसपास के मार्गों पर बैरिकेडिंग, अतिक्रमण रोकने, सफ़ाई व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, यातायात व पार्किंग प्रबंध, सीसी कैमरे, ड्रोन निगरानी की समीक्षा की। नगर निगम व स्वास्थ्य विभाग की सेवाएं व आपातकालीन दलों की तैनाती जैसी तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीना ने बताया कि लोलार्क कुंड व आसपास के मार्गों पर मज़बूत बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी), बम निरोधक दस्ते, गोताखोर, जल पुलिस व फायर ब्रिगेड को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा। सुरक्षा दृष्टि से संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश व निकास मार्ग अलग-अलग निर्धारित किए जाएंगे। कुंड क्षेत्र में भीड़ बढ़ने की स्थिति में रूट डायवर्जन एवं स्टेप बाय स्टेप एंट्री की व्यवस्था लागू की जाएगी। श्रद्धालुओं को दिशा-निर्देश देने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम (लाउडस्पीकर) एवं सूचना पट्ट लगाए जाएंगे।
महिलाओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मी, चेंजिंग रूम व प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित किए जाएंगे। गुमशुदा बच्चों, व्यक्तियों की तलाश के लिए हेल्प डेस्क, गुमशुदगी काउंटर व अनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त सुरक्षा, यातायात अनिल कुमार यादव, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव वंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन सरवणन टी. आदि रहे।