शिक्षक दिवस पर जिलाधिकारी का संदेश
कर्मठता और निष्ठा से बच्चों को प्रतिभावान बनाने में सहयोग दें शिक्षक – जिलाधिकारी
शामली/झिंझाना।
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शुक्रवार को विकास भवन शामली में “शिक्षक सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के 19 उत्कृष्ट कार्य करने वाले अध्यापकों को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और प्रतिभा विकास में शिक्षक की अहम भूमिका होती है। उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा और लगन से शिक्षा देने का आह्वान करते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी बच्चे की सफलता उसके गुरु की मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम होती है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एमएलसी चौधरी वीरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु का स्थान सबसे ऊँचा है। उन्होंने योगी सरकार में शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज अध्यापकों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लता राठौड़ ने जानकारी दी कि इस बार जिले के 19 अध्यापकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया है। साथ ही कांधला क्षेत्र के शिक्षक संजय वर्मा को मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ में राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया, जो जिले के लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का बुके और प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर शामली और कांधला खंड शिक्षा अधिकारियों सहित अन्य अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।
जिला क्राइम रिपोर्टर तल्हा मिर्जा
जनपद शामली
+917505343051