दुद्धी सोनभद्र।कोतवाली क्षेत्र के ग्राम झारोकला में शुक्रवार की सुबह लगभग 4 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, पत्नी का इलाज कर अपने बच्चों के साथ घर लौट रहे ऋषि कुमार अग्रहरि कार से जैसे ही पोस्ट ऑफिस के पास पहुँचे, तभी सामने से आ रही टमाटर लदी पिकअप ने उनकी कार में बाईं ओर से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिकअप चालक वाहन सहित फरार होने लगा।
कार में सवार ऋषि कुमार अग्रहरि, उनकी पत्नी अंजली देवी तथा साथ में मौजूद पांच छोटे बच्चों को हल्की चोटें आईं। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार एक निजी चिकित्सालय में कराया गया।
बताया गया कि टक्कर के बाद भाग रहे पिकअप चालक ने नगर पंचायत दुद्धी के रामनगर कबाड़ दुकान वाले मार्ग की ओर तेजी से वाहन मोड़कर भाग रहा था कि मोड़ से कुछ दूर निकला ही था कि अनियंत्रित पिकअप नहर में पलट गई। हादसे के बाद चालक और सवार मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी होते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। नहर में पलटी पिकअप टमाटर से लदी हुई थी।
सूचना पाकर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुँची और पिकअप से टमाटरों को दूसरे वाहन में लोड करवा कर भिजवाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त पिकअप को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है।
घटना की लिखित तहरीर कार स्वामिनी गीत देवी द्वारा दुद्धी कोतवाली में दी गई है। परिजनों ने दुर्घटना से हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह