नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
सांसद तीर्थ दर्शन महाअभियान: 22वां जत्था चार धाम के लिए रवाना, सांसद जायसवाल ने ‘पंखरा पाँव’ कर लिया आशीर्वाद
हजारीबाग: आस्था और सेवाभाव को समर्पित “सांसद तीर्थ दर्शन महाअभियान” के तहत हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र से तीर्थयात्रियों का 22वां जत्था आज (मंगलवार शाम) उत्तर प्रदेश के चार प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन के लिए रवाना हुआ। हजारीबाग शहर के कृष्णानगर मंदिर प्रांगण (शिवपुरी से सटा कटकमसांडी प्रखंड क्षेत्र) से यह जत्था बड़े ही उत्साह के साथ रवाना हुआ।
सांसद मनीष जायसवाल ने स्वयं मौके पर उपस्थित होकर तीर्थ यात्रियों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने बुजुर्ग तीर्थयात्रियों का पाँव पाखरा (पैर धोकर) और उन पर पुष्प वर्षा कर उन्हें विदाई दी और उनका आशीर्वाद लिया।
65 बुजुर्ग तीर्थयात्री हुए रवाना
इस 22वें जत्थे में कटकमसांडी प्रखंड क्षेत्र के कृष्णानगर और कटकमदाग क्षेत्र के संयुक्त रूप से 65 बुजुर्ग तीर्थयात्री शामिल थे, जो काशी (वाराणसी), अयोध्या, प्रयागराज और विंध्याचल के दर्शन के लिए रवाना हुए। हजारीबाग यूथ विंग की ओर से सभी तीर्थयात्रियों को फलाहार, पेयजल भेंट किया गया और उन्हें भगवा अंग-वस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
ढोल-बाजे के साथ दी गई विदाई
तीर्थयात्रियों को विदा करने के लिए स्थानीय लोगों में खासा उत्साह दिखा। ढोल-ताशे और गाजे-बाजे के साथ, हाथों में भगवा-ध्वज लिए लोगों ने ‘जयकारा’ लगाते हुए बड़े ही श्रद्धा भाव से जत्थे को रवाना किया।
जनता के आशीर्वाद का प्रताप: सांसद
इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा, “मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि ईश्वर ने क्षेत्र की जनता को तीर्थाटन कराने का सुअवसर प्रदान किया। यह आप सबके द्वारा दिए गए ताकत का प्रताप है।” उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जनता का आशीर्वाद ऐसे ही बना रहा, तो वह जब तक जीवित रहेंगे और सक्षम रहेंगे, क्षेत्र के बुजुर्गों के सपनों को उनका बेटा/भाई बनकर साकार करने की कोशिश करते रहेंगे और यह तीर्थ दर्शन महाअभियान जारी रहेगा।
इस दौरान रामगढ़ के भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण मेहता, भाजपा के वरिष्ठ नेता रंजीत सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, विनोद झुनझुनवाला, सुमन कुमार पप्पू, अजय कुमार साहू, किशोरी राणा, रेणुका साहू, तथा यूथ विंग के संरक्षक चंद्रप्रकाश जैन, जयप्रकाश खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।