दुद्धी सोनभद्र। विकास खंड संसाधन केंद्र परिसर में मंगलवार को एलिम्को कानपुर की टीम ने 100 परिषदीय विद्यालयों के दिव्यांग बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। टीम में ऑडियोलॉजिस्ट विपिन कुमार पांडेय के साथ आनंद सिंह, रोहिणी कारंडे, शशि और मनीष कुमार शामिल रहे। सभी ने बच्चों का कुशलतापूर्वक परीक्षण कर उनकी जरूरत के अनुसार उपकरणों की सूची तैयार की।
खण्ड शिक्षा अधिकारी प्रेमशंकर राम ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिला समन्वयक (डीसी) प्रणति प्रभा सारंगी के निर्देशन में परिषदीय विद्यालयों के दिव्यांग विद्यार्थियों का परीक्षण कराया गया है। परीक्षण उपरांत आगामी 20 जनवरी को चयनित बच्चों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, ब्रेल किट, एमआर किट आदि निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
वरिष्ठ शिक्षक शैलेश मोहन ने कहा कि यह योजना दिव्यांग बच्चों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। निर्धन और वंचित वर्ग के ऐसे बच्चों को इस तरह की सुविधाओं से काफी राहत मिलेगी। इस अवसर पर संदीप, प्रवीण, दीपक, राजेश झा, लल्लूराम व पीयूष समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह