फाइनेंस कर्मचारियों से लूट में एक और आरोपी गिरफ्तार
बरेली। बरेली के फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों से हुई लूट के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस वारदात में शामिल तीन अन्य बदमाश अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
यह घटना 8 दिसंबर की शाम रहपुरा रोड पर हुई थी। बाइक सवार आठ बदमाशों ने रामपुर जनपद के मिलक थाना क्षेत्र के हरदुआ गांव निवासी फाइनेंस कंपनी कर्मी लालाराम से 1 लाख 20 हजार रुपये नकद, एक टैबलेट और दो मोबाइल फोन लूट लिए थे।
पुलिस ने घटना के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन दिन के भीतर लूट का खुलासा कर दिया था। इस दौरान चार आरोपियों अंकित, गोविंद, रन सिंह और मोनू को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उनके कब्जे से 80 हजार रुपये नकद, एक टैबलेट, अवैध असलहा और कारतूस बरामद हुए थे।
रविवार को पुलिस ने हाइवे किनारे से गांव रहपुरा जागीर निवासी उबैश को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक कुमार ने बताया कि आरोपी के पास से लूटा गया एक मोबाइल फोन और 3750 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस वारदात में शामिल अजय गंगवार, भूपेंद्र गुर्जर और सुमित अभी फरार चल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली