दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
जिले के कोन थाना क्षेत्र के खेमपुर में गुरुवार को तेलगुड़वा से कोन आ रही यात्रियों से भरी बस की स्टेयरिंग फेल होने से अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में दर्जनों यात्री घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक घायल को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि बस में करीब 40 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस बुलाई और सभी घायलों को कोन सीएचसी भेजा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मखन्नचू(65) निवासी डाल्टेनगंज को सिर की गंभीर चोट के कारण जिला अस्पताल रेफर किया गया। शेष घायलों का इलाज सीएचसी में जारी है।
सूत्रों की माने तो तेलगुड़वा-विंढमगंज मार्ग कई वर्षों से जर्जर अवस्था में है, जिसके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की लंबे समय से मांग पर सड़क निर्माण कार्य शुरू तो हुआ, लेकिन पूरा नहीं हो सका ।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य संभाले और यातायात सुचारू किया।
कोन सीएचसी चिकित्साधिकारी डॉ. जे.पी. सिंह ने बताया कि मखन्नचू को सिर में गहरी चोट लगी है, इसलिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।