केशव साहू
डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामरी में पूर्व में पुल टूटकर बह जाने के बाद लंबे समय से अटके नव-निर्माण कार्य को लेकर अब प्रयास तेज हो गए हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा से डोंगरगांव के विधायक दलेश्वर साहू ने मुलाकात कर जामरी पुल के नव-निर्माण को शीघ्र पूर्ण कराने के उद्देश्य से विस्तार से चर्चा की।
मुलाकात के दौरान विधायक दलेश्वर साहू ने मंत्री को अवगत कराया कि पुल टूटने से क्षेत्र के कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों को आवागमन, कृषि कार्य, विद्यार्थियों की शिक्षा तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। बैठक में पुल निर्माण में आ रही तकनीकी अड़चनों, प्रशासनिक स्वीकृतियों में देरी तथा अन्य विभागीय बाधाओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जनहित को सर्वोपरि बताया और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई एवं त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
इसी क्रम में ग्राम जामरी के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण भी मंत्री के आवास पहुँचे और अपनी मांगों से अवगत कराया। जामरी सरपंच प्रतिनिधि ललेश्वर कंवर, उपसरपंच निमेश सिन्हा, पूर्व उपसरपंच टिकेन्द्र सिन्हा, भवन सिन्हा, राकेश महिलांगे, पूर्व सरपंच व समाजसेवी पत्रकार गोवर्धन सिन्हा, ग्राम प्रमुख कीर्तन निषाद, हिरदे सिन्हा सहित समस्त ग्रामवासी जामरी ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर पुल के नव-निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कर समय-सीमा में पूर्ण कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि पुल के अभाव में रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है और विकास कार्य भी बाधित हैं। मंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि जामरी पुल का नव-निर्माण कार्य जल्द ही प्रारंभ होकर क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।