राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर के जालपा देवी वार्ड में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में शनिवार को 22 लाख रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। भूमिपूजन वार्ड के वरिष्ठ नागरिक डॉ. सीताराम सेठिया के करकमलों से संपन्न हुआ।
निर्धारित कार्यों के तहत तिलक राष्ट्रीय स्कूल ग्राउंड के पीछे दोनों ओर पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या कम होगी और आवागमन सुगम बनेगा।
इसके अलावा लक्ष्मी नारायण मंदिर से शारदा जनरल स्टोर्स होते हुए फूलचंद साहू एवं रवि राय के मकान से गुलाबचंद सोनी के मकान तक सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। वहीं अशोक विश्वकर्मा के घर से गौतम भवन तक भी सीसी रोड बनाया जाएगा, जिससे लंबे समय से चली आ रही सड़क समस्या का समाधान होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में नागरिकों की भागीदारी को भी आवश्यक बताया।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, बीना बैनर्जी, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। नागरिकों ने विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।