राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले के थाना रीठी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए पांच फरार आरोपियों को बिहार के पटना जिले से गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई को पुलिस की त्वरित और सटीक रणनीति का परिणाम माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया तथा उप पुलिस अधीक्षक राकेश मिश्रा के मार्गदर्शन में रीठी थाना पुलिस की विशेष टीम गठित कर यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, 12 मार्च 2026 को फरियादिया डिजायन बाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम बूढ़ा ललितपुर निवासी उसके पति उधलतार पारधी को पारधी समुदाय के कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते जबरन वाहन से उतारकर अगवा किया और बेरहमी से हत्या कर शव को पहाड़ के नीचे गड्ढे में फेंक दिया। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 125/26 के तहत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे और लगातार दबिश के बावजूद पुलिस को उनकी लोकेशन नहीं मिल रही थी। इसी बीच सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी बिहार के पटना जिले में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम बिहार रवाना हुई, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में महाराज पारधी, टन्नी पारधी, अर्जुन पारधी, ओकीन पारधी एवं सोहन पारधी शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 2 चाकू, 1 बका, 1 डंडा और 1 मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर कटनी लाया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रीठी निरीक्षक मोहम्मद शाहीद सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर आमजन का भरोसा और मजबूत हुआ है।