राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने हेतु नगर निगम प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की जा रही है। इसी क्रम में रविवार, 26 अप्रैल को प्रातः 7:00 बजे से 8:30 बजे तक महारानी लक्ष्मी बाई वार्ड स्थित फॉरेस्टर प्लेग्राउंड के सामने ‘राहगीरी डे’ का आयोजन किया जाएगा।
स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी आदेश जैन के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान निर्धारित मार्ग को पूर्णतः वाहन मुक्त रखा जाएगा, ताकि नागरिक खुले वातावरण में योग, खेलकूद और विभिन्न फिटनेस गतिविधियों का आनंद ले सकें। इस दौरान योग, जुंबा, रस्सा खींच, पिट्टू, शतरंज, कैरम, स्केटिंग और म्यूजिकल चेयर सहित 25 से अधिक रोचक गतिविधियां आयोजित होंगी, जिनमें सभी आयु वर्ग के लोग भाग ले सकेंगे।
कार्यक्रम में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा। इसके साथ ही स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता शपथ और जनसंवाद जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन माध्यमों से नागरिकों को कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक के सीमित उपयोग और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि पूर्व में आयोजित राहगीरी डे कार्यक्रमों को नागरिकों का अच्छा प्रतिसाद मिला है। यह पहल शहर में जनभागीदारी बढ़ाने का एक प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है।
नगर निगम ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर शहर के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।