राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। भीषण गर्मी के बीच जल संकट से निपटने और नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान” अब प्रभावी जनअभियान का रूप लेता जा रहा है। राज्य शासन के निर्देशानुसार निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के नेतृत्व में यह अभियान 19 मार्च से 30 जून 2026 तक शहरभर में व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत नगर की जल संरचनाओं—नदी, कुएं, तालाब और पेयजल टंकियों—का संरक्षण एवं संवर्धन प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। निगम प्रशासन द्वारा जल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई, जीर्णोद्धार और पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत जैसे कार्य तेजी से किए जा रहे हैं, जिससे जल आपूर्ति व्यवस्था मजबूत हो रही है।
जनसहभागिता इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आई है। कटनी नदी, माई नदी और बजरंग कॉलोनी तालाब सहित प्रमुख जल स्रोतों की सफाई श्रमदान के माध्यम से की जा रही है। वहीं 13 सार्वजनिक कुओं की सफाई और सुधार कार्य पूर्ण कर उन्हें पुनर्जीवित किया गया है, जिससे जल संरक्षण को नई दिशा मिली है।
नगर निगम की जल प्रदाय टीम भी लगातार सक्रिय है। विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन लीकेज की पहचान कर अब तक 493 लीकेज की मरम्मत की जा चुकी है, जिससे जल की बर्बादी पर प्रभावी रोक लगी है।
इसके साथ ही पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 612 जल नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कराई जा चुकी है। यह पहल नागरिकों के स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।
अभियान के अंतर्गत शहर के 17 प्रमुख स्थानों पर सार्वजनिक प्याऊ भी संचालित किए जा रहे हैं, जहां राहगीरों को निशुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। ये प्याऊ न केवल सेवा का माध्यम बन रहे हैं, बल्कि जल संरक्षण का संदेश भी आमजन तक पहुंचा रहे हैं।
नगर निगम का यह प्रयास न केवल जल संकट से निपटने की दिशा में कारगर साबित हो रहा है, बल्कि नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक कर एक सकारात्मक बदलाव की ओर भी अग्रसर कर रहा है।