राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम अब सख्त रुख में नजर आ रहा है। शुक्रवार को महापौर प्रीति संजीव सूरी ने बस स्टैंड और शिवाजी नगर क्षेत्र के नालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद, एमआईसी सदस्य और निगम अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड स्थित नाले में कई गंभीर खामियां सामने आईं। नाले का निर्माण अधूरा पाया गया, वहीं नियमित सफाई के अभाव और अतिक्रमण के कारण पानी का प्रवाह बाधित हो रहा था। इस पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल अतिक्रमण हटाने, सफाई कार्य पूर्ण करने और जल निकासी सुचारु करने के निर्देश दिए।
इसके बाद शिवाजी नगर स्थित नाले का जायजा लिया गया, जहां स्थानीय नागरिकों ने नाले के असमान निर्माण की शिकायत की। नागरिकों के अनुसार नाले में अप-डाउन होने के कारण पानी का बहाव प्रभावित हो रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के भीतर जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी कार्यपालन यंत्री असित खरे, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव और अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर निगम की इस कार्रवाई से साफ है कि बारिश से पहले जल निकासी व्यवस्था को लेकर प्रशासन अब कोई लापरवाही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।