शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
अमीनाबाद, लखनऊ में वर्ष 1992 में पुलिस बल वार्ता के दौरान शहीद हुए वरिष्ठ व्यापारी नेता स्वर्गीय हरिश्चंद्र अग्रवाल जी की 27वीं पुण्यतिथि बुधवार को डुमरियागंज में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल सिद्धार्थनगर द्वारा व्यापार मंडल कार्यालय पर एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें नगर के तमाम व्यापारी वर्ग के लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारियों ने स्वर्गीय हरिश्चंद्र अग्रवाल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके संघर्ष, साहस और व्यापारी हितों के लिए किए गए योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि हरिश्चंद्र अग्रवाल जी ने व्यापारियों की आवाज बुलंद करने के लिए हमेशा संघर्ष किया और उनका जीवन व्यापारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
बैठक को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल सिद्धार्थनगर के जिला अध्यक्ष सुगंध अग्रहरि ने कहा कि 27 मई 1992 को अमीनाबाद, लखनऊ में हुई घटना व्यापारी समाज कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि तभी से व्यापार मंडल हर वर्ष इस दिन को “प्रेरणा दिवस” के रूप में मनाता चला आ रहा है, ताकि व्यापारी समाज अपने अधिकारों, एकता और संघर्ष की भावना को हमेशा जीवित रख सके।
उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और व्यापारियों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। इस दौरान उपस्थित व्यापारियों ने एकजुट होकर व्यापारी हितों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहने का संकल्प लिया।
बैठक में नगर के कई प्रमुख व्यापारी, व्यापार मंडल पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना के साथ किया गया।