रिपोर्टर मनोज भट्ट जिला बस्तर छत्तीसगढ़
जगदलपुर
सुशासन तिहार के अंतर्गत तोकापाल विकासखंड के ग्राम बड़े आरापुर में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों का निराकरण करने के साथ-साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर विधायक विनायक गोयल ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक शासकीय योजनाओं का लाभ लेने तथा अपनी समस्याओं और सुझावों को शासन-प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को सामग्री एवं सहायता राशि का वितरण किया गया।इस अवसर पर शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान स्कूली विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।अथितियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी, एनआरएलएम के महिला समुहों को चेक वितरण, पशु पालन विभाग के हितग्राहियों को योजना का लाभ, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्न प्रसन, गोद भराई की रस्म अदा की गई । शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ प्राप्त किया