फतेहगंज पश्चिमी।
मामूली कहासुनी ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। थाना क्षेत्र के गांव केशोपुर में पांच लोगों ने कथित तौर पर घर में घुसकर दो सगे भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव केशोपुर निवासी नन्ने खां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र शाकिर खां और जाकिर खां की दिन में खेत पर किसी बात को लेकर गांव के नाजिम खां, आरिफ खां, आजम खां, हसन खां और इरशाद खां से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते देर शाम पांचों आरोपी एक राय होकर उनके घर में घुस आए और दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए। शोर-शराबा सुनकर पहुंचे मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने नन्ने खां की शिकायत पर पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली