बरेली जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ मुठभेड़ हो गई। पुलिस चेकिंग के दौरान रुकने का इशारा करने पर बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से चलाई गई गोली एक शातिर वांछित अपराधी के पैर में लग गई, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मझगवां भेजा है। मौके से पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर झोंक दिया फायर
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के सुबह करीब 3:50 बजे उपनिरीक्षक (SI) राजेश कुमार अपनी टीम के साथ अलीगंज-सिरौली मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सिरौली की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए।
पुलिस टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे रुकने के बजाय बाइक मोड़कर अंतपुर गांव की तरफ जाने वाले रास्ते पर तेजी से भागने लगे। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए बदमाशों का पीछा किया। खुद को घिरता देख बाइक पर पीछे बैठे एक बदमाश ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए सीधे फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाईं। पुलिस की ओर से हुई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई और वह लहुलूहान होकर बाइक सहित जमीन पर गिर पड़ा, जबकि उसके दूसरे साथी को भी पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से दबोच लिया।
सम्भल के रहने वाले हैं दोनों आरोपी, दर्ज हैं कई मुकदमे
थाना प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में घायल हुए अपराधी की पहचान साहिल मलिक (पुत्र छोटे खान) के रूप में हुई है, जो बिचोटा काजी, थाना कुड फतेहगढ़, जनपद सम्भल का निवासी है। वहीं, मौके से पकड़े गए दूसरे अभियुक्त की पहचान धर्मेंद्र कुमार (पुत्र रामवीर सिंह यादव) के रूप में हुई है, जो फिरोजपुर बोदा, थाना कुड फतेहगढ़, जनपद सम्भल का रहने वाला है।
थाना प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह
ने बताया ये दोनों बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं। दोनों आरोपी थाना अलीगंज के मुकदमा अपराध संख्या 135/2026 और थाना सिरौली के मुकदमा अपराध संख्या 188/2026 में काफी समय से वांछित चल रहे थे। पुलिस टीम गश्त पर थी तभी इन बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा हमला किया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली