फतेहगंज पश्चिमी।
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारकोटिक्स विभाग और फतेहगंज पश्चिमी पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर शाम बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने रहपुरा अंडरपास के पास घेराबंदी कर एक कैंटर से लगभग सवा तीन कुंतल डोडा बरामद किया और दो तस्करों को हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर की सटीक सूचना पर नारकोटिक्स टीम प्रभारी विकास यादव और थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने हाईवे स्थित रहपुरा अंडरपास के पास संदिग्ध कैंटर को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक समेत दो तस्कर वाहन छोड़कर भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान कैंटर में रखे 32 कट्टों से करीब सवा तीन कुंतल डोडा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों में एक मीरगंज थाना क्षेत्र के चुरई दलपतपुर गांव का निवासी है, जबकि दूसरा विशारतगंज थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि तस्कर झारखंड से डोडा लेकर बरेली आ रहे थे, जहां पंजाब से जुड़े एक तस्कर को इसकी खेप सौंपी जानी थी। हालांकि उससे पहले ही संयुक्त टीम ने पूरी खेप समेत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार और नारकोटिक्स टीम प्रभारी विकास यादव ने बताया कि बरामद डोडा और आरोपियों से पूछताछ जारी है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली