✍️राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
चंद घंटों में मोबाइल चोरी का खुलासा, दो नाबालिगों से पांच मोबाइल बरामद,
कटनी। कुठला थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी के एक मामले का महज कुछ घंटों के भीतर खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो नाबालिग बालकों को चिन्हित कर उनके कब्जे से चोरी गए पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 75 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के सौरपुर निवासी हिमांशु प्रजापति लमतरा स्थित एक गुटखा फैक्ट्री में कार्यरत हैं। 16 जून की रात भोजन के बाद सभी कर्मचारी सो गए थे। सुबह करीब पांच बजे जागने पर हिमांशु के पांच मोबाइल फोन—दो ओप्पो, दो रियलमी और एक वीवो—गायब मिले। साथ ही फैक्ट्री में कार्यरत दो युवक भी मौके से अनुपस्थित पाए गए, जिसके बाद चोरी की आशंका जताई गई।
फरियादी की शिकायत पर थाना कुठला में अपराध क्रमांक 498/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने जबलपुर से दो नाबालिग विधि उल्लंघनकारी बालकों को चिन्हित कर उनके कब्जे से चोरी गए सभी पांच मोबाइल बरामद कर लिए।
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया, उप निरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक महेन्द्र सिंह, अजीत मिश्रा तथा आरक्षक मनोज सिंह सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी का मामला कुछ ही घंटों में सुलझ गया।