*सपा में बड़ी टूट के संकेत? ओमप्रकाश राजभर के बयान से बढ़ी राजनीतिक हलचल*
*बलिया*। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। सुभासपा प्रमुख एवं प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी को लेकर बड़ा दावा किया है। सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में राजभर ने संकेत दिए कि समाजवादी पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ रहा है और आने वाले समय में पार्टी में बड़ी टूट देखने को मिल सकती है।
राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के कुछ असंतुष्ट सांसदों का एक गुट सक्रिय है, जिसका नेतृत्व उत्तर प्रदेश की “बागी भूमि” कहे जाने वाले बलिया से जुड़ा एक नेता कर सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में सपा कार्यालय में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान ब्राह्मण समाज का तिरस्कार किया गया, जिससे कई नेता और कार्यकर्ता आहत हैं।
अपने पोस्ट में राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व को सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस की राजनीति छोड़कर अपने नाराज सांसदों को मनाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि कई सांसद पार्टी से निराश और असंतुष्ट हैं।
हालांकि, समाजवादी पार्टी की ओर से इस बयान पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राजभर का यह बयान आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में नई बहस को जन्म दे सकता है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या यह केवल राजनीतिक बयानबाजी है या वास्तव में समाजवादी पार्टी के भीतर कोई बड़ी राजनीतिक हलचल आकार ले रही है।
संवाददाता: किशन जायसवाल, बलिया