सिरौली। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अंजनी स्थित विनायक शिक्षण संस्थान के पास सोमवार सुबह एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद सिंह पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
PRV की सूचना पर दौड़ी पुलिस
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह पीआरवी 8371 को विनायक शिक्षण संस्थान के पास एक व्यक्ति के अचेत पड़े होने की सूचना मिली थी। जब स्कूल के कर्मचारियों ने सुबह शव देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच-पड़ताल की, तो पता चला कि मृतक मानसिक रूप से कमजोर था और पिछले कुछ दिनों से आसपास के इलाकों में ही घूम रहा था। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, रविवार रात को भी उक्त व्यक्ति को स्कूल के सामने अत्यधिक शराब के नशे में देखा गया था।
दामाद ने की पहचान, परिजनों में कोहराम
शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर चोट का कोई भी निशान नहीं पाया गया है। पुलिस द्वारा शिनाख्त के प्रयास करने पर मृतक की पहचान ओमकार (50 वर्ष) पुत्र मोहन कोरी, निवासी ग्राम विजया नगला, थाना बिसौली, जनपद बदायूं के रूप में हुई। मौके पर मौजूद मृतक के दामाद राजकुमार उर्फ राजू (निवासी ग्राम शिवपुरी, सिरौली) ने शव की पहचान की।
थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया:घटना की जानकारी मिलते ही फील्ड (फोरेंसिक) यूनिट को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली