राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी में बड़वारा पुलिस ने स्कूटी की डिग्गी से ढाई लाख रुपये चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर की गई।
मामला 1 जून 2026 का है, जब बिलायतकला स्थित स्टेट बैंक के बाहर खड़ी स्कूटी की डिग्गी से एक महिला के ढाई लाख रुपये से भरा बैग चोरी हो गया था। पीड़िता की शिकायत पर बड़वारा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने अनूपपुर जिले के भोलगढ़ निवासी सुमित सिसोदिया और संजय सिसोदिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने एक साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी की रकम आपस में बांट ली थी और कुछ रुपये खर्च कर दिए थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम का हिस्सा, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के.के. पटेल सहित बड़वारा थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।