शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर। जिले की नगर पंचायत बढ़नी के होनहार युवा मोहम्मद अरमान ने कर्मचारी चयन आयोग (SSC-JE) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे जिले का मान बढ़ाया है। अरमान का चयन सीमा सड़क संगठन (BRO) में जूनियर इंजीनियर (सिविल) के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। उन्हें लगातार बधाइयाँ और शुभकामनाएँ मिल रही हैं।मोहम्मद अरमान, नगर पंचायत बढ़नी के पूर्व सभासद मोहम्मद आलम के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बढ़नी में ही पूरी की। बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे अरमान ने आगे की पढ़ाई के लिए वाराणसी का रुख किया, जहाँ से उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लखनऊ में रहकर लगभग पाँच वर्षों तक लगातार SSC-JE परीक्षा की तैयारी की।कड़ी मेहनत, अनुशासन और अटूट आत्मविश्वास के दम पर अरमान ने SSC-JE परीक्षा में ऑल इंडिया 923वीं रैंक प्राप्त की। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन सीमा सड़क संगठन (BRO) में जूनियर इंजीनियर (सिविल) के पद पर हुआ है। यह सफलता उनके लंबे संघर्ष, समर्पण और मेहनत का परिणाम मानी जा रही है।अरमान की उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे बढ़नी और सिद्धार्थनगर जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि उनकी सफलता युवाओं के लिए यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।परिजनों ने इस सफलता का श्रेय अरमान की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, समाजसेवियों और शुभचिंतकों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास जताया कि वह अपने कार्य से देश और जिले का नाम और अधिक रोशन करेंगे।