किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर। राजधानी रायपुर में गौरवपथ 2.0 के निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य की शुरुआत हो गई है। नगर निगम द्वारा सीएसईबी चौक बूढ़ापारा से पचपेड़ीनाका तक करीब 1300 मीटर लंबे और 24 मीटर चौड़े मार्ग के विकास के लिए लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत स्वीकृत की गई है। निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर राजधानीवासियों को विकास की सौगात दी गई।
भूमिपूजन कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि रहे, जबकि रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, नगर निगम महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि गौरवपथ 2.0 को राजधानी की सबसे स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीएसईबी चौक बूढ़ापारा से पचपेड़ीनाका तक का यह मार्ग धमतरी, देवभोग, विशाखापट्टनम और बस्तर को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से जनता के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्य करने की बात कही।
ड्रेनेज और डक्ट सिस्टम हो मजबूत
रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने कहा कि गौरवपथ 2.0 का विकास गौरवपथ 1.0 की तर्ज पर किया जाना चाहिए। सड़क निर्माण के साथ ड्रेनेज, डक्ट और वाटर सिस्टम को मजबूत बनाया जाए, ताकि सड़क बनने के बाद बार-बार उसे खोदने की जरूरत न पड़े।
उन्होंने तात्यापारा चौक से शारदा चौक तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी जल्द शुरू कराने की आवश्यकता बताई और इसके लिए शासन स्तर पर पहल करने की मांग की।
‘किसी दुकानदार की दुकान नहीं तोड़ी जाएगी’
महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट किया कि गौरवपथ 2.0 योजना में केवल विकास और सौंदर्यीकरण का कार्य होगा। किसी भी दुकानदार की दुकान नहीं तोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि करीब 1300 मीटर लंबे मार्ग का लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से विकास और सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि गौरवपथ 2.0 का विकास सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी और महापौर मीनल चौबे के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी, पार्षद, एमआईसी सदस्य, जोन अध्यक्ष, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। मंच संचालन नगर निगम अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पार्षद प्रमोद कुमार साहू ने किया।