साप्ताहिक बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों से मास्टर चाबी से वाहन चोरी कर नेपाल में बेचने का खुलासा
शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर ITN NATIONAL
सिद्धार्थनगर। मोहाना थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल, एक एंड्रायड मोबाइल फोन, एक मास्टर चाबी और 90 रुपये नेपाली करेंसी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर अंसारी पुत्र मुजीब अंसारी निवासी रेहरा, थाना तौलिहवा, जनपद कपिलवस्तु, नेपाल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद और क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयॉन के पर्यवेक्षण तथा मोहाना थानाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 22 अगस्त को आरोपी को माधोपुर जंगल के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना मोहाना में दर्ज मुकदमा संख्या 130/2026 धारा 303(2) बीएनएस तथा थाना शोहरतगढ़ में दर्ज मुकदमा संख्या 174/2026 धारा 303(2) बीएनएस में उसका नाम प्रकाश में आया था। बरामदगी के आधार पर मुकदमों में धारा 317(2), 318, 319, 336, 338 और 340 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह साप्ताहिक बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में खड़े दोपहिया वाहनों को मास्टर चाबी की मदद से खोलकर चोरी करता था। इसके बाद चोरी किए गए वाहनों को नेपाल ले जाकर उनकी नंबर प्लेट बदल देता था और फिर उन्हें बेच देता था।
गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भेजा जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी ककरहवा उपनिरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल उमेश कुमार, मनोज कुमार, आत्मानन्द यादव और कांस्टेबल अनुराग तिवारी शामिल रहे।