दुद्धी (सोनभद्र)।(विवेक सिंह)कोतवाली क्षेत्र में जपला गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार नवविवाहित युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साढू बाल बाल बच गया। दुर्घटना के बाद भाग रही पिकअप को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रन्नू गांव से पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार,बाइक चालक बभनी थाना क्षेत्र के चौना गांव निवासी बाबू लाल (26) पुत्र परमेश्वर बैगा पेशे से मजदूर था। उसकी शादी इसी वर्ष हुई थी। वह अपने साढू हंसलाल बैगा (35) पुत्र रामखेलावन निवासी रानीताली थाना हाथीनाला के साथ धनौरा के बगबियानी टोला स्थित अपने ससुराल रामजीत बैगा के घर आया हुआ था।
रविवार शाम लगभग चार बजे दोनों बाइक से जपला गांव स्थित ढकलू यादव के घर के ठीक पास पहुंचे थे। की अचानक दुद्धी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप (UP 64 AT 2387) ने बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाबू लाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि हंसलाल बैगा को मामूली चोटें आईं।
हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा, लेकिन पुलिस और ग्रामीणों के प्रयास से उसे रन्नू गांव के पास घेरकर पकड़ लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची ।पुलिस बाबूलाल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी के मोर्चरी हाउस रखवा दिया और अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। नवविवाहित युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।