मथुरा। गोकुल बैराज के समीप गुरुवार शाम करीब 3:45 बजे एसपी ट्रैफिक के पेशकार (दारोगा) ने अपनी सरकारी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। माथे में गोली लगने के कारण उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान दारोगा पंकज यादव के रूप में हुई है, जो वर्तमान में एसपी ट्रैफिक के पेशकार पद पर तैनात थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पंकज यादव मूल रूप से एटा जनपद के निवासी थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरुवार शाम वह गोकुल बैराज के पास मौजूद थे, तभी अचानक उन्होंने अपनी सर्विस पिस्टल निकाली और माथे पर सटाकर फायर झोंक दिया। तेज आवाज के साथ गोली चलते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। दारोगा ने किन परिस्थितियों और किस मानसिक तनाव के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है। वहीं जनपद में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते इस घटना से पूरे प्रशासनिक अमले में भारी खलबली मची हुई है।