शराब के नशे में बेटे का पिता और बहन पर जानलेवा हमला, दोनों गंभीर घायल आरोपी फरार
रामनगर के ग्राम डेंगरहा ग्राम पंचायत जुड़वानी में बुधवार को शराब के नशे में एक युवक ने अपने पिता और बहन पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार ज्ञानेश कुमार द्विवेदी उर्फ सोनू (27) ने पहले डंडे से और फिर लोहे की रॉड से अपने पिता अंजनी प्रसाद द्विवेदी (58) और बहन सुलोचना द्विवेदी (24) पर हमला किया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हमले में पिता के मुंह और कान से तथा बहन के सिर से खून बह रहा था। गंभीर हालत को देखते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना डायल-112 और रामनगर थाना पुलिस को दे दी गई है जबकि वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
