बारीपदा, 11/09: मयूरभंज जिले में शिशु अधिकार एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय स्थित सम्मेलन कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ओडिशा राज्य शिशु अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष बबिता पात्र ने की।बैठक में सम्मानित अतिथि के रूप में मयूरभंज सांसद नवचरण माझी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा, शिक्षा और अधिकार सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित बचपन ही समृद्ध भविष्य की मजबूत नींव है।जिला कलेक्टर की अनुपस्थिति में अतिरिक्त जिला कलेक्टर दुःखबंधु नायक ने बैठक का संचालन किया। मयूरभंज दौरे के दौरान आयोग की ओर से विभिन्न बाल देखभाल, शिक्षा एवं सुरक्षा संस्थानों का निरीक्षण किया गया था। इन संस्थानों में बच्चों की देखभाल, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं कल्याण से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी आयोग की सदस्य कस्तूरी मिश्रा ने बैठक में प्रस्तुत की। निरीक्षण से प्राप्त तथ्यों और अनुभवों के आधार पर विभिन्न मुद्दों पर समीक्षा एवं चर्चा की गई।आयोग की अध्यक्ष बबिता पात्र ने बच्चों के लिए सुरक्षित, संरक्षित और बाल-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने बच्चों के प्रति लापरवाही, उत्पीड़न, शोषण, बाल श्रम तथा अन्य अधिकारों के उल्लंघन को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता बताई।बैठक में बच्चों की शिकायतों का त्वरित समाधान, आवश्यक परामर्श एवं सहायता, पुनर्वास तथा परिवार आधारित देखभाल को प्राथमिकता देने पर भी चर्चा हुई। विशेष रूप से पॉक्सो कानून के तहत प्रभावित बच्चों को आवश्यक काउंसलिंग, देखभाल, सहायता एवं पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ बच्चों और उनके परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।जिले में बाल सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति, बाल देखभाल संस्थान, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की सलाह आयोग की अध्यक्ष ने दी। साथ ही आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर भी विशेष जोर दिया गया।बैठक में जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्वनाथ दास, अतिरिक्त आरक्षी अधीक्षक गौतम किसान, करंजिया उपजिलाधिकारी दयासिंधु परिड़ा, रायरंगपुर उपजिलाधिकारी उग्रसेन ओराम, जिला समाज कल्याण अधिकारी संयुक्ता महाराणा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी ममतामयी बिश्वाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।