बारीपदा, 18/09/2026: मयूरभंज छऊ नृत्य की समृद्ध परंपरा, विरासत और कला को और अधिक विकसित एवं परिष्कृत करने के उद्देश्य से स्थानीय बेलगढ़िया पैलेस में 10 दिवसीय उन्नत कौशल प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। कांटेक्ट बेस और बांग्ला नाइट डॉट कॉम की ओर से आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में जिले के 100 छऊ कलाकार हिस्सा ले रहे हैं।प्रसिद्ध छऊ गुरु लोकनाथ दास के मार्गदर्शन तथा दिवाकर नायक और पीयूष घड़ई के सहयोग से आयोजित इस शिविर में प्रशिक्षणार्थियों को छऊ नृत्य की उन्नत तकनीक, विभिन्न भंगिमाओं, मुद्राओं और भाव-अभिव्यक्ति के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा।मुख्य आयोजक तथा बांग्ला नाइट डॉट कॉम के संस्थापक-निदेशक अमिताभ भट्टाचार्य ने कहा कि मयूरभंज छऊ केवल एक नृत्य नहीं, बल्कि क्षेत्र की संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नई पीढ़ी को इस कला से जोड़ने और उन्नत प्रशिक्षण के माध्यम से उच्च स्तर के कलाकार तैयार करना इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य है।शिविर में अतिथि प्रशिक्षक के रूप में प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय माइम एवं मूवमेंट आर्टिस्ट देवकुमार पाल भी शामिल हुए हैं। वे कलाकारों को शरीर की भाषा, भाव-अभिव्यक्ति और मंच प्रस्तुति की तकनीकों का प्रशिक्षण देंगे।उत्तरशाही छऊ नृत्य प्रतिष्ठान के सचिव सुधीर कुमार नायक ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से कलाकारों की प्रस्तुति क्षमता को और निखारने का प्रयास किया जा रहा है।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।