‘सेवा संकल्प अभियान’ में बच्चों ने चित्रों से दिया स्वच्छ और विकसित भारत का संदेश
बालोद, छत्तीसगढ़, 19 सितंबर 2026: ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बालोद जिले के शालेय विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा और विकसित भारत की परिकल्पना को प्रस्तुत किया।
स्वामी आत्मानंद स्कूल के छात्र तुषार गावरे ने स्वच्छ, हरे-भरे और कचरा-मुक्त भारत की कल्पना को अपनी पेंटिंग के जरिए दर्शाया। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी मानने और गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में डालने की अपील की। उन्होंने गीले कचरे के लिए हरे और सूखे कचरे के लिए नीले डस्टबिन के उपयोग का संदेश दिया।
इसी तरह कक्षा 12वीं की छात्रा रागिनी देशमुख ने ‘डिजिटल इंडिया’, ‘ग्रीन इंडिया’, ‘ग्रीन एनर्जी’ और ‘विकसित भारत 2047’ की थीम पर पेंटिंग तैयार की। उनकी चित्रकला में आधुनिक तकनीक, सौर एवं हरित ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत की परिकल्पना को दर्शाया गया।
विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों ने भी पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत और विकसित राष्ट्र की कल्पना को अपनी पेंटिंग्स के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं सामाजिक सरोकार की सराहना की।
विद्यार्थियों ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता से उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ राष्ट्र के विकास को लेकर अपनी सोच साझा करने का अवसर मिला।

