बारिपदा/मयूरभंज: मानवता और सेवा भावना की मिसाल पेश करते हुए मयूरभंज के नियमित रक्तदाता डॉ. नीरोज कुमार पोथाल ने एक जटिल ब्लड कैंसर से जूझ रहे मरीज के लिए आपातकालीन प्लेटलेट दान किया। भुवनेश्वर स्थित एम्स अस्पताल में इलाजरत 23 वर्षीय युवक हितेश कुमार नाथ के लिए तत्काल AB पॉजिटिव प्लेटलेट की आवश्यकता होने की जानकारी मिलने पर डॉ. नीरोज ने बिना देर किए मदद के लिए कदम बढ़ाया।हितेश कुमार नाथ लंबे समय से ब्लड कैंसर से पीड़ित हैं और भुवनेश्वर एम्स में उनका इलाज चल रहा है। इलाज के दौरान उन्हें बार-बार रक्त और प्लेटलेट की आवश्यकता पड़ रही है। परिवार के इकलौते बेटे हितेश ने कोरोना काल में अपनी मां को खो दिया था। ऐसे में उनके पिता रतिकांत नाथ ही उनके लिए एकमात्र सहारा और उम्मीद हैं। बेटे के इलाज के लिए रतिकांत काफी कठिनाइयों के बीच विभिन्न समाजसेवियों और रक्तदाताओं की मदद से लगातार रक्त एवं प्लेटलेट की व्यवस्था कर रहे हैं।चिकित्सकों की सलाह पर हितेश के लिए तत्काल AB पॉजिटिव प्लेटलेट की आवश्यकता पड़ी। इसके बाद उनके पिता रतिकांत नाथ ने ओडिशा रक्तदाता महासंघ के अध्यक्ष डॉ. नरेश चंद्र साहू से संपर्क किया। डॉ. नरेश चंद्र साहू ने तत्काल बारिपदा के नियमित रक्तदाता डॉ. नीरोज कुमार पोथाल को इस आवश्यकता की जानकारी दी।सूचना मिलते ही डॉ. नीरोज कुमार पोथाल ने बिना किसी देरी के बारिपदा से रात की बस से भुवनेश्वर के लिए रवाना हुए। अगले दिन सुबह एम्स अस्पताल पहुंचकर उन्होंने अपना प्लेटलेट दान किया और इलाजरत हितेश के उपचार में सहयोग किया। डॉ. देवाशीष मिश्रा की देखरेख में प्लेटलेट संग्रह किया गया।उल्लेखनीय है कि डॉ. नीरोज कुमार पोथाल इससे पहले भी कई बार बारिपदा से भुवनेश्वर और कटक जाकर डेंगू, बोन मैरो तथा कैंसर से पीड़ित मरीजों के लिए प्लेटलेट दान कर चुके हैं। अब तक वह कुल 140 बार रक्तदान कर चुके हैं। रक्तदान और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें विभिन्न स्थानों पर सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया जा चुका है।किसी अनजान मरीज की जिंदगी बचाने के उद्देश्य से दूर बारिपदा से भुवनेश्वर पहुंचकर आपातकालीन प्लेटलेट दान करने का डॉ. नीरोज कुमार पोथाल का यह मानवीय प्रयास निश्चित रूप से समाज के अन्य लोगों को भी रक्तदान और प्लेटलेट दान के लिए प्रेरित करेगा।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहसराज, स्टेट हेड, ओडिशा।