बारीपदा, 21/09: नेपाल यात्रा के बाद बारीपदा शहर का एक युवा ड्राइवर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। लंबे समय से उसका कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार के लोग चिंतित हैं। लापता ड्राइवर की पत्नी ने वाहन मालिक पर गंभीर संदेह जताते हुए पति की तलाश और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर मयूरभंज एसपी से लिखित शिकायत की है।शिकायत के अनुसार, बारीपदा टाउन थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर वार्ड नंबर-22 निवासी चंपा सिंह के पति पप्पू सिंह पेशे से ड्राइवर हैं। बताया गया है कि गत 9 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे बारीपदा के वाहन मालिक अर्जुन कुमार सिंह पप्पू के घर पहुंचे और अपनी टाटा इंट्रा गाड़ी (नंबर- OD-11-AB-2487) में ड्राइवर के रूप में नेपाल जाने के लिए उन्हें साथ ले गए थे।शिकायत में कहा गया है कि बारीपदा स्थित 5वीं बटालियन के एक कर्मचारी का सामान ले जाने और उन्हें नेपाल छोड़ने के उद्देश्य से अर्जुन और पप्पू नेपाल गए थे।पप्पू की पत्नी के अनुसार, यात्रा से लौटते समय पप्पू ने घर पर फोन किया था। इसके बाद उनके मोबाइल से दोबारा एक कॉल आया। फोन उठाने पर पप्पू की ओर से स्पष्ट रूप से कोई बात नहीं सुनाई दे रही थी, जबकि फोन पर तनावपूर्ण स्थिति की आवाज सुनाई दे रही थी। पत्नी का आरोप है कि इस दौरान पप्पू और वाहन मालिक अर्जुन के बीच तीखी बहस होने की आवाज भी सुनाई दी।शिकायत में आगे कहा गया है कि अर्जुन पप्पू से ‘राज निवास’ जाने के लिए कह रहे थे। वहीं पप्पू ने कथित तौर पर बताया कि एक नशे में धुत व्यक्ति उन्हें मारने के लिए दौड़ा रहा है। इसके कुछ समय बाद पप्पू का मोबाइल फोन बंद हो गया। तब से उनसे किसी प्रकार का संपर्क नहीं हो पाया है।मामले को लेकर एक और संदेहास्पद बात यह बताई गई है कि अगले दिन वाहन मालिक अर्जुन ने किसी अन्य ड्राइवर के माध्यम से पप्पू का बैग उनके घर भेज दिया। हालांकि पप्पू कहां हैं और उनके साथ क्या हुआ, इस संबंध में वाहन मालिक की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने का आरोप पत्नी ने लगाया है।घटना को लेकर पप्पू की पत्नी ने पहले भंजपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बावजूद अब तक पति का कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने सोमवार को मयूरभंज एसपी के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई।पत्नी ने पति की जान को खतरा होने की आशंका जताते हुए मामले की तत्काल एवं निष्पक्ष जांच कर पप्पू को जल्द से जल्द खोजने की मांग की है। साथ ही, यदि मामले में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।हालांकि, घटना की वास्तविक सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। लापता ड्राइवर के परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों पर पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई को लेकर अब सभी की नजरें टिकी हैं।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।