बारीपदा, 21/9: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मयूरभंज जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत अंतिम मतदाता सूची सोमवार को आधिकारिक रूप से जारी कर दी गई। जिला कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला कलेक्टर सह जिला निर्वाचन अधिकारी हेमकांत साय की अध्यक्षता में आयोजित विशेष बैठक में जिले के सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया।प्रकाशित अंतिम सूची के अनुसार मयूरभंज जिले में कुल 18,36,822 मतदाता हैं। इनमें 9,16,275 पुरुष, 9,20,482 महिला तथा 65 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। इस प्रकार जिले में पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या 4,207 अधिक है।वर्ष 2026 में 1 जुलाई को अर्हता तिथि मानते हुए 30 मई से 28 जून तक बूथ स्तर के अधिकारियों ने घर-घर जाकर मतदाताओं के आंकड़े एकत्रित एवं सत्यापित किए। इसके बाद 28 जून को मतदान केंद्रों के युक्तिसंगत पुनर्विन्यास एवं नए बूथों के निर्धारण की प्रक्रिया पूरी की गई। 5 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद 19 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं। 17 सितंबर तक सभी दावों एवं आपत्तियों का निपटारा करने के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई।मतदाताओं की सुविधा के लिए जिले में पहले से मौजूद 2,372 मतदान केंद्रों का युक्तिसंगत पुनर्विन्यास किया गया है, जबकि 352 नए बूथ जोड़े गए हैं। इसके बाद जिले में कुल मतदान केंद्र/बूथों की संख्या बढ़कर 2,724 हो गई है।विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की संख्या के अनुसार जशीपुर में 2,11,336, सरसकणा में 1,94,431, रायरंगपुर में 2,11,498, बांगिरिपोसी में 2,11,611, करंजिया में 1,89,984, उदला में 1,96,437, बड़साही में 1,88,032, बारीपदा में 2,10,642 तथा मोरड़ा में 2,22,851 मतदाता हैं। जिले में सबसे अधिक मतदाता मोरड़ा विधानसभा क्षेत्र में हैं।इस अवसर पर जिला कलेक्टर हेमकांत साय ने कहा कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के साथ-साथ मृत एवं स्थानांतरित व्यक्तियों के नाम निर्धारित प्रक्रिया के तहत हटाकर मतदाता सूची को नियमित रूप से अद्यतन किया जा रहा है। अंतिम सूची में नाम नहीं होने या किसी प्रकार की जानकारी में संशोधन की आवश्यकता होने पर पात्र नागरिक वर्षभर उपलब्ध व्यवस्था के माध्यम से नाम दर्ज कराने अथवा आवश्यक संशोधन करा सकते हैं।बैठक में अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी सह अतिरिक्त जिलाधिकारी ईश्वर चंद्र नायक, बांगिरिपोसी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी सह अतिरिक्त जिलाधिकारी नेत्रानंद मल्लिक, बड़साही विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी सह अतिरिक्त जिलाधिकारी दुखबंधु नायक, बारीपदा उपजिलाधिकारी कस्तूरी पंडा, मोरड़ा के अतिरिक्त उपजिलाधिकारी राखाल चंद्र परिड़ा सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहेराज।