एग्रीस्टैक और बकेटिंग पूर्ण कराने वाले किसान ही बेच सकेंगे धान, कलेक्टर ने दिए निर्देश
बालोद, छत्तीसगढ़, 24 सितंबर 2026: धान खरीदी की तैयारियों को लेकर गुरुवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने डीसीएस, एग्रीस्टैक और बकेटिंग सहित धान खरीदी से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार धान बेचने के लिए किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन और आवश्यक बकेटिंग प्रक्रिया पूर्ण होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की प्रक्रिया पूरी नहीं होगी, उन्हें धान बेचने में परेशानी हो सकती है। अधिकारियों को किसानों को समय रहते इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
जिन गांवों में एग्रीस्टैक और बकेटिंग का कार्य लंबित है, वहां कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने और सूचना चस्पा सहित अन्य माध्यमों से किसानों को जागरूक करने को कहा गया। कलेक्टर ने सह-खातेदारों की बकेटिंग भी समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 18 नई उपार्जन केंद्र समितियों का गठन किया गया है। वहीं धान खरीदी के दौरान बारदाने की कमी न हो, इसके लिए पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में सारथी पोर्टल, समितियों में चावल की उपलब्धता, राशन चावल वितरण और डूबान क्षेत्र की स्थिति सहित अन्य विषयों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को तैयारियों की नियमित निगरानी करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

