दुद्धी (सोनभद्र)।रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे अलग अलग हुए सड़क हादसे में मामा भांजा समेत तीन लोग घायल हो गए ।घायलों को सीएचसी म्योरपुर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद एक की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।पहली घटना म्योरपुर ब्लाक के नधीरा-बकरीहवा मार्ग पर हुई जहां चांगा गांव निवासी नितेश (18) पुत्र रामजीत अपने भांजे राकेश कुमार (16) पुत्र लालजी के साथ अपने घर आ रहा था तभी नधीरा गांव में मोड़ पर बाइक पर से नियंत्रण खो बैठा और बाइक सहित खेतों में गिरकर घायल हो गया।हादसे में दोनों को चोटें आई जिन्हें 108 एंबुलेंस द्वारा सीएचसी म्योरपुर में भर्ती कराया गया जहां उपस्थित चिकित्सक डा० धर्मराज मौर्या ने इलाज शुरू कर दिया।खबर लिखे जाने तक दोनों का इलाज जारी था। बताया गया कि युवक दो दिन पूर्व ही हैदराबाद से कमाकर लौटा है और रविवार को अपनी बहन के घर नधीरा गया था और वहीं से वापस आ रहा था तभी नधीरा गांव में सड़क हादसे का शिकार हो गया। परिजनों के मुताबिक युवक ने शराब का सेवन किया था। वहीं दूसरी घटना बभनी थाना क्षेत्र के घघरी गांव में हुई जहां सहगोड़ा निवासी जितेंद्र कुमार (21) पुत्र रामचंद्र बाजार से सामान लेकर बाइक से अपने घर सहगोड़ा जा रहा था तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दिया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।निजी वाहन द्वारा उसे सीएचसी म्योरपुर में भर्ती कराया गया जहां उपस्थित चिकित्सक डा० धर्मराज मौर्या ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।हादसे में घायल के बाएं हाथ की एक उंगली कट कर अलग हो गयी।