दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के डुमरडीहा-गुलालझरिया मार्ग स्थित भट्टी मोड़ के समीप सोमवार शाम एक सड़क हादसे में लुना सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी दुद्धी से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, डुमरडीहा गांव निवासी भगवानदास (60) पुत्र स्व. फेकन अपनी पत्नी बसंती देवी (58 ) के साथ लुना बाइक से गुलालझरिया गांव के भट्टी मोड़ चौराहा स्थित अपने मंझले भाई के घर एक भोज कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
शाम करीब 5 बजे जैसे ही वे भट्टी मोड़ से 200 मीटर आगे मोड़ पर अपनी लुना मोड़ रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बसंती देवी का दाहिना हाथ और पैर फ्रैक्चर हो गया तथा सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई। वहीं उनके पति भगवानदास के शरीर पर कई स्थानों पर गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तुरंत अपने वाहन और निजी साधनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।
सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। महिला की गंभीर स्थिति और पैर में फ्रैक्चर को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं बेहतर इलाज की मांग को लेकर उनके पति भगवानदास को भी चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।