इडियन टीवी न्यूज नेशनल छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
बालोद।
छत्तीसगढ़ के बालोद शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में युवती पर हुए एसिड अटैक मामले का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर और उसके दोस्त करण कुंजाम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, युवती के किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध होने और शादी के लिए तैयार नहीं होने से नाराज यश कुमार ने करीब तीन महीने पहले ही एसिड अटैक की साजिश रची थी।
लाइब्रेरी से घर लौटते समय किया हमला
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को युवती रोज की तरह लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद युवती को तत्काल जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया गया।
वारदात के बाद आरोपी तांदुला डैम की ओर भाग गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में तत्काल सर्च अभियान शुरू किया गया।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर घटनास्थल सहित शहर के अलग-अलग स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर पर गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान यश ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने के लिए अलग-अलग कहानियां बताईं। कड़ाई से पूछताछ के बाद उसने युवती से प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि युवती का किसी अन्य से अफेयर था और वह उससे शादी करने के लिए तैयार नहीं थी, जिससे वह नाराज था।
तीन महीने पहले बनाई थी साजिश
पुलिस के अनुसार, यश ने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम, निवासी भैरमगढ़, जिला बीजापुर के साथ मिलकर युवती पर एसिड फेंकने की योजना बनाई थी।
यश के कहने पर करण 26 सितंबर को बालोद पहुंचा। दोनों ने 27 सितंबर को एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान युवती पर हमला करने की योजना बनाई थी। हालांकि, उस दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण वे वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
5 अक्टूबर को दिया वारदात को अंजाम
इसके बाद 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे, जब युवती लाइब्रेरी से घर लौट रही थी, तभी यश के कहने पर करण कुंजाम ने उस पर एसिड फेंक दिया।
वारदात के बाद करण मौके से भागकर तांदुला बांध पहुंचा। वहां से लिफ्ट लेकर वह झलमला और मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा। इधर, यश के अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने करण की तलाश तेज कर दी। पुलिस टीम ने उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया।
एसिड और घटना के समय पहने कपड़े जब्त
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया एसिड और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त कर लिए हैं।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1. यश कुमार सोनकर, पिता ईश्वर लाल सोनकर, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम नेवारिकला, वार्ड नंबर 11, जिला बालोद।
2. करण कुंजाम, पिता दिनेश कुंजाम, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 15, भैरमगढ़, थाना भैरमगढ़, जिला बीजापुर।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं और युवतियों का पीछा करने, धमकी देने या परेशान करने जैसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें। ऐसी जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
एसिड बेचने वाले पर भी होगी कार्रवाई
एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने बताया कि मामले में इस्तेमाल किया गया एसिड दुर्ग से खरीदा गया था। एसिड कहां से खरीदा गया और किसने बेचा, इसकी भी जांच की जा रही है। एसिड बेचने वाले के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने बताया कि दोनों आरोपी बीजापुर में रहकर पढ़ाई करते थे और इसी दौरान दोनों की दोस्ती हुई थी। इसी दोस्ती का हवाला देकर करण को घटना में शामिल किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी सहित कोतवाली बालोद थाना स्टाफ और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।