ब्यूरो चीफ सुंदरलाल जिला सोलन हिमाचल प्रदेश।
धर्मपुर विकास खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत जंगेशु में स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बीडीसी सदस्य वार्ड नंबर-13 रेणु बाला ने बेकशन होम्योपैथी कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. बक्सी से कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) फंड के तहत सहयोग देने की मांग की है।
रेणु बाला ने कंपनी प्रबंधन को दिए मांग पत्र में कहा कि शीलू कलां गांव में कंपनी की औद्योगिक इकाई स्थापित होने से क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ पहुंचा है। अब कंपनी के CSR फंड के माध्यम से पंचायत क्षेत्र में जनहित से जुड़े आवश्यक विकास कार्य करवाए जाने से बड़ी संख्या में ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने मांग की कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मसूलखाना में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक आधुनिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी उपकरण प्रदान किए जाएं। इसके साथ ही स्वास्थ्य केंद्र परिसर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए इनडोर एवं आउटडोर पौधे गमलों सहित उपलब्ध करवाकर सौंदर्यीकरण किया जाए।
रेणु बाला ने प्राथमिक विद्यालय थारूगढ़ के खेल मैदान के विकास एवं सौंदर्यीकरण की भी मांग उठाई है। उनका कहना है कि मैदान विकसित होने से स्कूली बच्चों को खेलकूद, शारीरिक गतिविधियों और विद्यालय के विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
मांग पत्र में शीलू कलां गांव के मोक्षधाम में बाड़बंदी, पेयजल टंकी तथा परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य भी CSR फंड से करवाने का आग्रह किया गया है। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मसूलखाना, प्राथमिक विद्यालय थारूगढ़ के खेल मैदान और शीलू कलां मोक्षधाम सहित सभी प्रस्तावित कार्यस्थलों पर आवश्यकता के अनुसार सोलर लाइटें लगाने की मांग की गई है।
बीडीसी सदस्य रेणु बाला ने कहा कि ये सभी कार्य स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, बच्चों की खेल सुविधाओं और ग्रामीण जनसुविधाओं से सीधे जुड़े हैं। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से इन कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आर्थिक सहायता अथवा आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कंपनी का सहयोग ग्राम पंचायत जंगेशु के विकास को नई गति देने के साथ स्थानीय लोगों के लिए उपयोगी साबित होगा।