झांसी। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 की 30 अक्टूबर की परीक्षा जनपद के 37 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, नकलविहीन और सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा का आयोजन दो पालियों—प्रथम पाली सुबह 10:00 से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 से शाम 05:00 बजे तक किया गया।
जिलाधिकारी ने बीकेडी केंद्र का लिया जायजा परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और कड़ाई के साथ कराने के लिए जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी और अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री संजय चावला ने बुन्देलखण्ड महाविद्यालय (BKD) परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों में बायोमैट्रिक उपस्थिति, सीसीटीवी कैमरों की अनवरत कार्यशीलता तथा कंट्रोल रूम का गहनता से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि सीसीटीवी कैमरों की वॉयस रिकॉर्डिंग समेत संपूर्ण व्यवस्था हर हाल में सुचारू रहे।
अन्य जनपदों से आए परीक्षार्थियों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं को सराहा निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने केंद्र के बाहर ठहरे परीक्षार्थियों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनकी व्यवस्थाओं का हाल जाना। प्रयागराज से आए परिजनों ने बताया कि नगर निगम द्वारा संचालित निशुल्क रैन बसेरों में उनके ठहरने का उत्कृष्ट प्रबंध रहा और शहर में टैक्सी चालकों द्वारा भी कोई अतिरिक्त किराया (ओवरचार्जिंग) नहीं लिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों व कर्मियों के इस सहयोगी रवैये की सराहना करते हुए सभी परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सकुशल यात्रा की कामना की।
प्रथम दिन उपस्थिति का आंकड़ा अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री संजय चावला ने बताया कि दोनों पालियों में कुल 31,392 अभ्यर्थियों में से 20,581 उपस्थित रहे, जबकि 10,811 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए।
-
प्रथम पाली: कुल पंजीकृत 15,696 में से 10,305 अभ्यर्थी उपस्थित तथा 5,391 अनुपस्थित रहे।
-
द्वितीय पाली: कुल पंजीकृत 15,696 में से 10,276 अभ्यर्थी उपस्थित तथा 5,420 अनुपस्थित रहे।
1 नवंबर को भी 37 केंद्रों पर होगी परीक्षा एडीएम प्रशासन ने जानकारी दी कि परीक्षा श्रृंखला के तहत 01 नवंबर 2026 को भी जनपद के इन्हीं 37 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सभी रैन बसेरों, परिवहन व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक (नगर) श्रीमती प्रीति सिंह, बीकेडी के प्राचार्य सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
