झाँसी। नवीन आयुक्त सभागार में मण्डलायुक्त श्री बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में विकास कार्यों, कर-करेत्तर, राजस्व एवं कानून-व्यवस्था की मण्डलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल के तीनों जनपदों (झाँसी, ललितपुर और जालौन) में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने पर प्रसन्नता जताई गई। मण्डलायुक्त ने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते इन जनपदों को डिस्ट्रिक्ट रैंक मार्क्स 10/10 के साथ ‘ए’ ग्रेड प्राप्त हुआ है।
सीडीओ झाँसी के कार्यों की सराहना मण्डलायुक्त ने झाँसी के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने लंबित परियोजनाओं को समय से पूर्ण कराकर बेहतरीन कार्य किया है। इसके साथ ही, झाँसी जिलाधिकारी द्वारा निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता की भौतिक जांच कराने के मॉडल की प्रशंसा करते हुए मंडल के अन्य जनपदों में भी इसी प्रकार लगातार गुणवत्ता परखने के निर्देश दिए।
किसानों की खाद वितरण व्यवस्था और जीरो पॉवर्टी पर विशेष फोकस खाद वितरण की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसानों की खाद से जुड़ी समस्याओं के प्रति पूरी संवेदनशीलता बरती जाए, इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने ‘जीरो पॉवर्टी’ अभियान को सरकार की शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए कहा कि हर गरीब परिवार को प्राथमिकता पर संतृप्त किया जाए। इसके तहत पात्रों को जन आरोग्य मेला, किसान सम्मान निधि, निराश्रित महिला पेंशन, उज्ज्वला कनेक्शन और श्रम कार्ड जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाया जाए।
आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश कार्यालयों में कार्य संस्कृति पर जोर देते हुए मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी कार्यालय पहुंचते ही सबसे पहले आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करें। उन्होंने हिदायत दी कि शिकायतों के निस्तारण से पहले शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से या फोन पर अनिवार्य रूप से वार्ता की जाए, ताकि संतुष्टिपूर्ण और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
इन प्रमुख बिंदुओं पर भी रही विशेष समीक्षा:
-
फार्मर रजिस्ट्री व फैमिली आईडी: किसानों की आधार सीडिंग, फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी और मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना की प्रगति बढ़ाने के विशेष निर्देश।
-
कल्याणकारी योजनाएं: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत तिथियां निर्धारित कर पात्र जोड़ों का विवाह संपन्न कराने और छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाने पर जोर।
-
बुनियादी व सामाजिक विकास: अन्नपूर्णा भवन निर्माण, स्वच्छता अभियान, जीएसटी, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, राजस्व वसूली, लखपति दीदी योजना, गर्भवती व बच्चों को पोषाहार वितरण, तथा निराश्रित गोवंश संरक्षण कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में प्रमुख रूप से रहे मौजूद इस उच्चस्तरीय बैठक में जिलाधिकारी झाँसी श्री गौरांग राठी, जिलाधिकारी जालौन श्री समीर, जिलाधिकारी ललितपुर श्री सत्यप्रकाश, सीडीओ झाँसी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, सीडीओ ललितपुर शेषनाथ चौहान, अपर आयुक्त प्रशासन श्री कुंवर पंकज, संयुक्त विकास आयुक्त (जेडीसी) श्री सुरेश चंद्र केसरवानी सहित मंडल भर के तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक, पुलिस एवं विकास विभागों के मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।
