*बिहार मोतीहारी से अमरजीत सिंह*
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता का भरोसा
*नगर निगम मोतिहारी* द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियाँ की जा रही हैं।
नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में स्थित छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। घाटों की साफ-सफाई, कचरे का समुचित निष्पादन एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसके अतिरिक्त, छठ घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग भी कराई जा रही है। इन सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
छठ महापर्व की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा के लिए माननीय महापौर श्रीमती *प्रीति कुमारी* जी एवं नगर आयुक्त श्री आशीष कुमार जी द्वारा प्रतिदिन विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान नगर निगम के स्वच्छता कार्य से जुड़े सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहकर सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में महापर्व मनाने की बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।
आम नागरिकों से अपील: यदि किसी भी वार्ड में छठ घाटों की सफाई के दौरान संबंधित एजेंसी द्वारा लापरवाही बरती जाती है अथवा सफाई कार्य में कोई कमी पाई जाती है, तो स्थानीय निगम पार्षद अथवा नगर निगम मोतिहारी कार्यालय से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराएँ। शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
स्वच्छता, सुरक्षा एवं जनसुविधा के प्रति प्रतिबद्ध – नगर निगम मोतिहारी।
रिपोर्ट:अमरजीत सिंह
