नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग
विधानसभा में गूंजा हजारीबाग हिंसा का मुद्दा, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने सरकार को घेरा
सरकार हजारीबाग और झारखंड को कश्मीर न बनने दे, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई : प्रदीप प्रसाद
हजारीबाग की विश्वविख्यात रामनवमी महोत्सव की तैयारियों के बीच दूसरे मंगला जुलूस के दौरान हुई पथराव की घटना अत्यंत निंदनीय एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए इस कृत्य से शहर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन को हवाई फायरिंग करनी पड़ी, जिसके बाद हालात सामान्य हो पाए। यह घटना धार्मिक सौहार्द और शांति भंग करने का एक षड्यंत्र प्रतीत होती है, जिस पर प्रशासन को कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
विधानसभा में विरोध, सदर विधायक ने उठाया मामला
इस घटना को लेकर बुधवार को झारखंड विधानसभा में सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने जोरदार विरोध जताया और सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने राज्य सरकार से यह स्पष्ट करने की मांग की कि आखिर झारखंड में इस तरह की घटनाएं क्यों हो रही हैं और दोषियों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है? उन्होंने कहा कि सरकार को हजारीबाग और पूरे झारखंड को कश्मीर बनाना बंद करना होगा इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा समर्थित सभी विधायक धरने पर बैठे, जिनके साथ नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भी उपस्थित रहे। भाजपा विधायकों ने एक स्वर में इस घटना की कड़ी निंदा की और राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया। सभी अपने-अपने हाथों में तख्ती लेकर प्रदर्शन करते हुए नजर आए सभी तख्ती में अलग-अलग श्लोक लिखे हुए थे.
सदर विधायक की अपील और प्रशासन से मांग
सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने आम जनता से अफवाहों से दूर रहने की अपील की और कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना से बचें तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने जिला पुलिस और प्रशासन से आग्रह किया कि दोषियों को कठोरतम दंड दिया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।