नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग
बस से उतरते ही युवक संतोष की मौत, विधायक प्रदीप प्रसाद तुरंत पहुंचे घटनास्थल.
जनता का दुःख मेरा अपना है, ऐसे समय पर साथ खड़ा होना ही असली जनप्रतिनिधित्व है : प्रदीप प्रसाद
हजारीबाग शहर में एक दुखद घटना सामने आई, जिसमें चतरा निवासी और आम्रपाली कंपनी में कार्यरत संतोष कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। यह घटना ग्वालटोली बस स्टैंड के समीप की है, जहां मृतक व्यक्ति किसी बस से यात्रा करके उतर ही रहे थे कि अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें सहायता पहुँचाने का प्रयास किया और संबंधित थाना को भी सूचना दी। परंतु कुछ ही देर में व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। जिसके बाद घटना की सूचना लोगों ने सदर विधायक प्रदीप प्रसाद को भी इस घटना से अवगत कराया। उस समय विधायक श्री प्रसाद एक विवाह समारोह से निकाल कर अस्पताल में मौजूद थे परंतु जैसे ही उन्हें इस गंभीर स्थिति की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता दी और तुरंत घटना स्थल पहुंचे,वे बिना किसी देरी के स्वयं अपनी गाड़ी चलाकर घटनास्थल पर पहुंचे। वहाँ पहुँचकर उन्होंने घटना का जायजा लिया, स्थानीय लोगों से जानकारी प्राप्त की और तुरंत एंबुलेंस को बुलाया. मृतक के शव को विधायक के निर्देश पर हजारीबाग सदर अस्पताल भेजा गया, जहाँ चिकित्सकों ने औपचारिक रूप से उन्हें मृत घोषित किया और उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया। खबर लिखे जाने तक मृतक के परिजन चरही से हजारीबाग नहीं पहुँच सके थे। इस दुखद स्थिति में सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने गहरी संवेदना व्यक्त की और मृतक के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे समय में जनप्रतिनिधि होने के नाते यह उनका कर्तव्य बनता है कि वे जनता के सुख-दुख में सहभागी बनें, और हर संभव सहायता तत्काल उपलब्ध कराएं।