दुद्धी में रजिस्ट्री कार्यालय के खिलाफ अधिवक्ताओं का प्रदर्शन
दुद्धी सोनभद्र।स्थानीय तहसील स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में भ्रष्टाचार एवं अनियमितता को लेकर आंदोलित अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधि मंडल सोमवार को जिलाधिकारी बी एन सिंह से मुलाक़ात किया । दुद्धी बार एसोसिएशन और सिविल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने डीएम को ज्ञापन देकर रजिस्ट्रार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि रजिस्ट्री कार्यालय में रजिस्ट्रार द्वारा मनमानी ढंग से बैनामा और दान पत्र का पंजीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री कार्यालय में प्राइवेट व्यक्तियों को बैठाकर मनमानी वसूली कराई जाती है और जो मुँहमाँगा रकम नहीं देता है, उसे कुछ न कुछ कमियाँ बताकर वापस कर दिया जाता है।
अधिवक्ताओं ने 6 सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी को सौंपकर रजिस्ट्रार को पद से हटाकर निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की। जिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं को भरोसा दिलाया कि रजिस्ट्रार की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील स्तर पर राजस्व न्यायालयों और कार्यालयों की समस्याओं को लेकर दुद्धी एसडीएम जांच करेंगे और एक सप्ताह के अंदर समाधान करेंगे।
इसके पूर्व अधिवक्ताओं ने संयुक्त बार की बैठक की और रणनीति तय करने के बाद कचहरी परिसर से भ्रष्टाचार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचे, जहां उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए रजिस्ट्रार को हटाने की मांग रखी।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह