पानी के टैंक में डूबने से मजदूर की मौत, जांच में जुटी पुलिस
पिनाहट । थाना बसई अरेला क्षेत्र के गांव लडउआपुरा स्थित महादेव ब्रिक फील्ड ईंट भट्ठे पर काम कर रहे एक मजदूर की पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रामपाल (उम्र लगभग 42 वर्ष), पुत्र राजा भैया, निवासी भमौही पुरवा, लोकतनगर, छतरपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपाल सोमवार रात भट्ठे परिसर में बने पानी के टैंक में गिर गया था। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे जब शव टैंक में तैरता दिखाई दिया, तो भट्ठा प्रबंधन द्वारा तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिक जांच में शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया यह मामला दुर्घटनावश टैंक में गिरकर डूबने का प्रतीत होता है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं।
थानाध्यक्ष बसई अरेला श्री अभिषेक तिवारी ने बताया कि मृत्यु के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही संभव हो सकेगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।