ब्यूरो चीफ सुंदरलाल जिला सोलन,
पीएम केंद्रीय विद्यालय 14 जीटीसी सुबाथू में नशा मुक्ति एवं अवैध तस्करी विरोधी अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय 14 जीटीसी सुबाथू में “नशा मुक्ति एवं अवैध तस्करी विरोधी अंतर्राष्ट्रीय दिवस” के अवसर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों, कानूनी परिणामों एवं सामाजिक नुकसान की जानकारी देना तथा उन्हें नशा-मुक्त जीवन अपनाने हेतु प्रेरित करना था।
इस कार्यक्रम को ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी धर्मपुर द्वारा प्रायोजित किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से मीना चौहान (स्वास्थ्य शिक्षिका, ब्लॉक धर्मपुर), रिंकी पंवार (महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, पीएचसी सुबाथू), एवं आशा कार्यकर्ता — अनुराधा, उमा रानी, सुनीता देवी, और तारा देवी विद्यालय में उपस्थित रहीं।
मीना चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की लत धीरे-धीरे एक गंभीर शारीरिक, मानसिक और सामाजिक बीमारी का रूप ले लेती है। उन्होंने नशे के कारणों, लक्षणों, कानूनी प्रावधानों तथा इससे बचने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने छात्रों को जागरूक बनने, सही संगति अपनाने, और संकोच न करते हुए समय रहते मदद लेने का संदेश दिया। उनका भाषण सूचनाप्रद, प्रेरणादायक और संवादात्मक रहा।
प्राचार्या आशा चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालयों की भूमिका केवल शिक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी आत्मसात कराना है। उन्होंने कहा कि छात्रों को नशे से दूर रखने हेतु माता-पिता, शिक्षक, और समुदाय को मिलकर सकारात्मक वातावरण बनाना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में आत्मानुशासन, आत्म-विश्वास और विवेकपूर्ण निर्णय लेने की प्रेरणा दी। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे कक्षा में जीवन कौशल और नैतिक मूल्यों को शामिल करें ताकि विद्यार्थी हर चुनौती का सामना कर सकें।
स्काउट मास्टर विजय प्रकाश के नेतृत्व में विद्यालय के स्काउट्स एवं गाइड्स क्लब के सदस्यों सहित अनेक छात्रों ने सुबाथू क्षेत्र में रैली निकालकर आमजन को जागरूक किया। छात्रों द्वारा बनाए गए नशा विरोधी पोस्टरों की प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें विजेताओं को पुरस्कार और सभी प्रतिभागियों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जलपान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवन जीने, और समाज को जागरूक करने की शपथ के साथ किया गया।