नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने NH के कार्यपालक अभियंता को दिए सड़कों की मरम्मत में तेज़ी लाने के निर्देश
सड़क की जर्जर स्थिति पर जताई चिंता; गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष ध्यान देने को कहा
हजारीबाग: विधायक प्रदीप प्रसाद ने शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग (एन.एच.) के कार्यपालक अभियंता रंजीत कुमार वर्णवाल से उनके कार्यालय में मुलाकात की और विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की।
विधायक ने शहर के मुख्य मार्गों, सदर अस्पताल के सामने की सड़क, लेपो रोड समेत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर सड़कों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कार्यपालक अभियंता को इन सभी मार्गों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को शीघ्रता से प्रारंभ करने का निर्देश दिया।
प्रदीप प्रसाद ने ज़ोर देकर कहा कि सड़कें क्षेत्र के विकास की आधारशिला हैं, इसलिए प्रत्येक सड़क को बेहतर और सुरक्षित बनाना आवश्यक है।
उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिया कि कार्य की गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आम जनता को यातायात की असुविधा न हो। विधायक ने कहा कि वह सड़क विकास कार्यों की निगरानी और फॉलो-अप लगातार जारी रखेंगे।